बिहार और गुजरात के बाद महाराष्ट्र विधानसभा में भी हथकड़ी वाला प्रदर्शन देखने को मिला। यहां एक विधायक अपने हाथों में हथकड़ी पहनकर पहुंचा तो सभी की निगाहें उन पर टिक गईं। दरअसल शरद पवार की पार्टी के विधायक जितेंद्र अव्हाड अमेरिका की हरकतों से खफा हैं। उन्होंने सरकार की चुप्पी पर भी सवाल उठाए हैं। हाल ही में अमेरिका ने भारतीय नागरिकों को हथकड़ी में वापस भेजा था।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से शुरू हुआ तो एक अलग ही नजारा देखने को मिला। शरद पवार की पार्टी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के विधायक जितेंद्र आव्हाड पर सबकी नजरें थीं। इसकी वजह यह थी कि आव्हाड के हाथों में हथकड़ी थी। हालांकि विधानसभा में हथकड़ी पहनकर पहुंचने का यह कोई पहला मामला नहीं है। बिहार में सीपीआई (M) और गुजरात में कांग्रेस विधायक हथकड़ी के साथ विधानसभा पहुंच चुके हैं।क्यों हथकड़ी पहनकर पहुंचे आव्हाड?
डोनाल्ड ट्रंप के सत्ता में आने के बाद अमेरिका अवैध प्रवासियों को अपने देश से बाहर करने में जुटा है। हाल ही में तीन सैन्य विमानों से भारतीय नागरिकों को अमेरिका वापस भेज चुका है। सबसे बड़ी बात यह थी कि भारतीय नागरिकों को हथकड़ी लगाई गई थी। पैरों पर बेड़ियां पड़ी थीं। पूरा सफर उन्हें ऐसे ही काटना पड़ा। यहां तक कि महिलाओं और बच्चों के साथ भी अमानवीय व्यवहार किया गया। जितेंद्र आव्हाड इसी के खिलाफ हथकड़ी पहनकर विधानसभा पहुंचे थे।जिस तरह से अमेरिका में भारतीयों के साथ अन्याय हो रहा है और उन्हें बंधक बनाकर निर्वासित किया जा रहा है, वीजा की समस्या है, कोई भी भारतीय अमेरिका में सुरक्षित नहीं है। हम (सरकार) अमेरिका के बारे में एक भी शब्द नहीं बोल रहे हैं। जितेंद्र आव्हाड, विधायक, एनसीपी (SP)